यूपी मदरसा रिजल्ट 2026, बेटियों का शानदार प्रदर्शन, कई जिलों ने बढ़ाया मान

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस बार 94.30 प्रतिशत सफलता दर के साथ बेटियों ने कई अहम रैंक हासिल की हैं।

अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बेटियों को शिक्षित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस वर्ष मदरसा बोर्ड की मुंशी/मौलवी और आलिम परीक्षाओं में कुल 55,788 छात्र-छात्राएं सफल हुए, जिनमें 29,229 छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं का सफलता प्रतिशत 94.30 दर्ज किया गया।

सीनियर सेकेंडरी (आलिम) परीक्षा में टॉप-3 स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा जमाया। वाराणसी की छात्रा जुमी फरीन ने 82.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं शाइस्ता परवीन दूसरे और उम्मुल खैर तीसरे स्थान पर रहीं।

इसके अलावा गोरखपुर, कुशीनगर, लखनऊ और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों की छात्राओं ने भी टॉप रैंकिंग में जगह बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि मदरसा शिक्षा को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जा सकता, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में गरीब मुस्लिम परिवारों के बच्चे पढ़ाई करते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment