बढ़ती महंगाई पर सियासी घमासान, पप्पू यादव से लेकर RJD तक ने घेरा

shikha verma
2 Min Read

देश में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। सोमवार को 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ने के बाद बिहार की राजनीति भी गरमा गई। पटना में पेट्रोल ₹113.40 प्रति लीटर और डीजल ₹99.39 प्रति लीटर पहुंच गया है।

सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल चुनाव के बाद अब तक पेट्रोल-डीजल करीब ₹8 प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि “यह तो अभी शुरुआत है,” और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की आलोचना की।

वहीं जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों के लिए आयात पर निर्भर है और पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय सहयोग की अपील की।

दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ दूध और खाद्य पदार्थों की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं।

देश में मई महीने के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

Share This Article
Leave a Comment