तिरंगा फहराकर शहीद हुए थे गुलाब सिंह लोधी, CM योगी ने किया नमन

shikha verma
4 Min Read

अमर शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुलाब सिंह लोधी के 91वें बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अमीनाबाद स्थित झंडेवाला पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद गुलाब सिंह लोधी के साहस, संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 23 अगस्त 1935 को महज 32 वर्ष की आयु में गुलाब सिंह लोधी ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देते हुए इसी स्थान पर तिरंगा फहराया था। उस दौर में तिरंगा देश की आजादी और स्वाभिमान का प्रतीक था। अंग्रेजी हुकूमत ने उनके इस साहस का जवाब गोलियों से दिया, जिसमें वह देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद हो गए।

उन्होंने कहा कि गुलाब सिंह लोधी का बलिदान स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। उन्होंने अपना जीवन देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए त्याग एवं राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की। उनके बलिदान के 12 वर्ष बाद भारत ब्रिटिश शासन से स्वतंत्र हुआ।

किसान परिवार में जन्मे थे गुलाब सिंह लोधी

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का जन्म वर्ष 1903 में उन्नाव जिले के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनके मन में देश को गुलामी से मुक्त कराने की भावना थी। इसी राष्ट्रभक्ति से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की और लखनऊ आकर आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को संरक्षित रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्नाव में पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।

बलिदानियों के नाम पर संस्थानों का नामकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर-वीरांगनाओं के सम्मान में विभिन्न संस्थानों एवं बटालियनों का नामकरण कर रही है। इसी क्रम में अलीगढ़ के स्टेडियम का नाम वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है। बदायूं में पीएसी की नई बटालियन तथा लखनऊ में पीएसी की महिला बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर किया गया है।

इसी तरह गोरखपुर में स्थापित पीएसी महिला बटालियन का नाम वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर और औरैया के नए मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया है।

महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। उनकी स्मृतियों को सुरक्षित रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए स्मारकों और अन्य विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।

स्मारकों और पार्कों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक न्याय और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों के सम्मान में करीब 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस राशि से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास महाराज, महर्षि वाल्मीकि महाराज सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छाजन, पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा स्मारकों को सुरक्षित बनाने जैसे कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महापुरुषों और अमर बलिदानियों के प्रति सम्मान का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उनकी गौरवशाली विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग और सेवा की प्रेरणा देना सरकार की प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment