पंजाब सरकार में हलचल, मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी का बड़ा एक्शन

Bole India
2 Min Read

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास और दफ्तर समेत कई स्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने लुधियाना में मंत्री के घर पर छापा मारा, जहां सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया। इसके अलावा मंत्री के करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई।

13 जगहों पर एक साथ कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत ईडी ने गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर में कुल 13 ठिकानों पर छापेमारी की। इन ठिकानों में संजीव अरोड़ा के साथ उनके कारोबारी साझेदार हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के आवास और दफ्तर भी शामिल हैं।

कंपनी पर गंभीर आरोप

ईडी के अनुसार, Hampton Sky Realty Ltd (पूर्व में Ritesh Properties and Industries Ltd) पर जमीन उपयोग में अनियमितता, शेयर बाजार में हेराफेरी, हवाला लेन-देन और विदेश से अवैध धन भारत लाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

जांच एजेंसी का दावा है कि अवैध सट्टेबाजी और हवाला से जुड़े धन को रियल एस्टेट परियोजनाओं में लगाया गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक काव्य अरोड़ा से जुड़े ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है।

मंत्री ने क्या कहा?

संजीव अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे और उन्हें विश्वास है कि सच सामने आएगा।

अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं

फिलहाल ईडी दस्तावेज़ और बैंक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले ईडी ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की थी, जहां वित्तीय अनियमितताओं की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment