पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनका बीजेपी में जाने का कोई इरादा नहीं है और वे आम आदमी पार्टी के साथ ही बने रहेंगे।
सोमवार को दिए बयान में अरोड़ा ने कहा, “मैं बीजेपी में शामिल नहीं हो रहा हूं। मैं आम आदमी पार्टी में हूं और आगे भी रहूंगा। मैं पंजाब सरकार में मंत्री हूं और आगे भी इसी भूमिका में जनता की सेवा करता रहूंगा।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में पंजाब से जुड़े कुछ राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की खबरों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। इसके चलते कयास लगाए जा रहे थे कि आम आदमी पार्टी के अन्य नेता भी पाला बदल सकते हैं।
बिजली कटौती पर भी दी प्रतिक्रिया
बिजली संकट को लेकर अरोड़ा ने कहा कि यह समस्या सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर भारत में गर्मी के कारण बढ़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 1 मई के बाद बिजली आपूर्ति में सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही, अन्य राज्यों के साथ “पावर बैंकिंग” समझौते के तहत बिजली की व्यवस्था की जा रही है और अतिरिक्त 1500 मेगावाट बिजली खरीदने की प्रक्रिया भी जारी है।
ईडी रेड पर दिया जवाब
ईडी की कार्रवाई को लेकर अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में अपनी बात पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए स्पष्ट कर दी है।
वहीं, बिजली कटौती के मुद्दे पर विपक्ष लगातार भगवंत मान सरकार को घेर रहा है।

