अमृता शेरगिल की बायोपिक से रिप्लेस हुई अनन्या पांडे! अब ये एक्ट्रेस ले सकती हैं उनकी जगह

Bole India
5 Min Read

बॉलीवुड की युवा एक्ट्रेस अनन्या पांडे इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों ‘तू मेरी मैं तेरा’ और ‘चांद मेरा दिल’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच एक ऐसी खबर आई है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। दरअसल, ऐसी खबर सामने आई है कि अनन्या को अमृता शेरगिल की बायोपिक से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह अब उभरती अभिनेत्री तान्या मानिकतला को कास्ट किया जा सकता है। हालांकि, तान्या ने खुद इस खबर की न तो पुष्टि की है और न ही इससे इनकार किया है।

अमृता शेरगिल पर बन रही इस बायोपिक को लेकर पिछले कुछ महीनों से जबरदस्त बज बना हुआ था। यह वही पेंटर हैं, जिन्हें भारतीय कला जगत की फ्रीदा काह्लो कहा जाता है। पहले कहा जा रहा था कि अनन्या इस किरदार को निभाने के लिए पूरी तैयारी कर रही हैं। सूत्रों की मानें तो अब मेकर्स ने तान्या मानिकतला को मुख्य भूमिका में लेने का मन बना लिया है।

कौन हैं तान्या मानिकतला?

तान्या बॉलीवुड में नया नाम नहीं हैं। बता दें कि उन्होंने साल 2020 में आई वेब सीरीज ‘ए सूटेबल बॉय’ से दर्शकों का ध्यान खींचा था। हाल ही में उनकी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किल’ आई। इसमें उनकी सहज एक्टिंग और स्क्रीन प्रेज़ेंस ने इंडस्ट्री में नई पहचान दिलाई है। वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए तान्या सेने मुस्कुराते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि यह खबर कहां से आई है। अभी तक मुझे इस प्रोजेक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं है, इसलिए मैं इस पर कुछ नहीं कह सकती।

राजकुमार राव के साथ नया प्रोजेक्ट

तान्या ने हालांकि यह जरूर स्वीकार किया कि वह राजकुमार राव के साथ एक फिल्म पर काम कर रही हैं, जिसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इसे लेकर उन्होंने कहा कि जानकारी बाहर आ चुकी है, तो यह बात पूरी तरह झूठी नहीं है। हां, यह प्रोजेक्ट मेरे करियर के लिए बहुत खास होने वाला है। अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि मैं इतने बड़े कलाकारों के साथ काम कर रही हूं। तान्या ने आगे कहा कि उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लंबे वक्त तक मेहनत की है। ऐसे में कभी न कभी तो ये होना ही था। जब अब यह सच में हो रहा है, तो मुझे लगता है कि मेरी मेहनत आखिरकार रंग ला रही है।

दिल्ली से मुंबई का सफर

दिल्ली की रहने वाली तान्या अब पूरी तरह मुंबई शिफ्ट हो गई हैं। पहले शूटिंग के वक्त ही वह मुंबई आती-जाती थीं, लेकिन अब उन्होंने शहर में बसने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि यह बदलाव उनके लिए एक नई शुरुआत की तरह है। मुंबई में रहना अब जरूरी हो गया था। यह शहर मुझे बहुत कुछ सिखा रहा है। कभी-कभी दिल्ली के आरामदायक माहौल की याद आती है, लेकिन यहां के मौके भी अनमोल हैं।

कौन थीं अमृता शेरगिल?

बता दें कि अमृता शेरगिल भारतीय आधुनिक कला की अग्रणी महिला चित्रकार मानी जाती हैं। उनका जन्म 30 जनवरी 1913 को बुडापेस्ट (हंगरी) में हुआ था। उनके पिता उमराव सिंह शेरगिल संस्कृत और फारसी के विद्वान थे, जबकि मां मेरी एंटोनेट हंगरी की एक ओपेरा सिंगर थीं। अमृता बचपन से ही कला की ओर आकर्षित थीं। ऐसे में उन्होंने सिर्फ 28 साल की उम्र में वह मुकाम हासिल किया, जो बहुतों के लिए सपना होता है। साल 1934 में उनकी प्रसिद्ध पेंटिंग ‘यंग गर्ल्स’ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और उसी साल वह भारत लौटीं। भारत आकर उन्होंने गांवों की महिलाओं, उनकी भावनाओं और जीवन की सादगी को अपनी पेंटिंग्स ‘विलेज सीन’, ‘थ्री गर्ल्स’ और ‘ब्राइड्स टॉयलेट’ में उतारा। हालांकि, 5 दिसंबर 1941 को सिर्फ 28 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, जो सभी के लिए बड़ा झटका था।

तान्या के लिए चुनौती

अगर तान्या को सच में इस फिल्म के लिए चुना जाता है, तो यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट होगा। अमृता जैसी जटिल और गहराई वाली शख्सियत को पर्दे पर उतारना किसी भी कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण है। वहीं, अनन्या पांडे के लिए यह फिल्म एक बड़े मौके का छूटना माना जा रहा है। फिलहाल, बायोपिक को लेकर मेकर्स ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन इंडस्ट्री में चर्चा तेज है कि तान्या मानिकतला बॉलीवुड की इस सबसे चर्चित आर्टिस्ट के किरदार में नई जान फूंक सकती हैं।

Share This Article
Leave a Comment