नई दिल्ली, 29 मई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष योग दिवस को पूरे प्रदेश में भव्य स्तर पर और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखा गया है। बैठक में सभी जिला उपायुक्त ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिला, उपमंडल और ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष योग शिविरों का आयोजन कर योग को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुँचाया जाएगा।
योग को विश्व पहचान प्रधानमंत्री के प्रयासों का परिणाम: मुख्यमंत्री
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। आज पूरी दुनिया योग को अपनाकर भारत की प्राचीन परंपरा को सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़कर स्वस्थ भारत–स्वस्थ हरियाणा के लक्ष्य पर निरंतर कार्य कर रही है।
योग दिवस को जन आंदोलन बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जाए। स्कूल, कॉलेज, पंचायतें, सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
प्रबंधों की जानकारी
अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बैठक में योग दिवस की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं।
8 से 10 जून तक चलेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम, 19 जून को फाइनल रिहर्सल
हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य ने बताया कि योग दिवस को सफल बनाने के लिए स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पंचायत, नगर निकाय और धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा गया है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सीएम ने की उच्चस्तरीय बैठक, पंचकूला बनेगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम का केंद्र
Leave a Comment
Leave a Comment


