करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कैंप थाने में तैनात हवलदार सतीश को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि हवलदार ने एक युवक को छोड़ने की एवज में 20 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 15 हजार रुपये लेते समय ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया। इस मामले में एएसआई संजय से भी पूछताछ की गई, हालांकि जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ता पवन ने बताया कि उसके भाई को अंडे की रेहड़ी के पास से थाने लाया गया था। बाद में परिजनों से उसे छोड़ने के बदले पैसे की मांग की गई और धमकी दी गई कि रिश्वत न देने पर उसे जेल भेज दिया जाएगा।
ACB करनाल की टीम ने इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की, जो गुरुवार रात साढ़े 8 बजे से पौने 12 बजे तक चली। आरोपी हवलदार को गिरफ्तार करने के बाद उसका मेडिकल करवाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए पानीपत टीम को सौंप दिया गया।
ACB अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जो भी अन्य अधिकारी या कर्मचारी इसमें शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


