यूपी में मानसून का कहर, 33 जिलों में बारिश का अलर्ट; सीतापुर में स्कूल बंद

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि मौसम विभाग ने 27 अगस्त को 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 16 जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

लगातार बारिश को देखते हुए सीतापुर में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्कूलों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

सीतापुर में रात से हो रही तेज बारिश

सीतापुर और आसपास के इलाकों में देर रात से ही घने बादल छाए हुए हैं और बारिश जारी है। बताया गया कि सीतापुर में रात करीब एक बजे से तेज बारिश हो रही है। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

वहीं, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हैं। इन इलाकों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

इन 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, हमीरपुर, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

इन जिलों में भी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, देवरिया और अंबेडकर नगर में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

इसके अलावा लखनऊ, आगरा, उन्नाव, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कन्नौज, कानपुर, जालौन, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोंडा में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसूनी सिस्टम के चलते जारी है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। इसके चलते बुंदेलखंड, विंध्य और मध्य यूपी के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही और बारिश हो रही है।

Share This Article
Leave a Comment