स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विद्यालय राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के प्रमुख केंद्र बनेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ (14 अगस्त) और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनअभियान का रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है।
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के विद्यालयों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रप्रेम, संविधान के प्रति आस्था और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
विद्यालयों में होंगे विशेष कार्यक्रम
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर सामुदायिक सहयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर इतिहास से रूबरू होंगे छात्र
14 अगस्त को प्रदेश के सभी विद्यालयों में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक परिस्थितियों, उसके मानवीय प्रभावों और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
विद्यालयों में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्र इतिहास से सीख लेकर सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक हो सकें।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़ेगी जनभागीदारी
15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालय इस अभियान के प्रचार-प्रसार के केंद्र बनेंगे और स्थानीय समुदाय को जोड़कर इसे जनभागीदारी का स्वरूप देंगे।
प्रतियोगिताओं और तिरंगा यात्राओं से गूंजेंगे विद्यालय
अभियान के दौरान विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरियां और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता, संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी होगा प्रचार
अभियान की गतिविधियों को डिजिटल और सोशल मीडिया माध्यमों से भी व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। विद्यालयों को कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो साझा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
विद्यालय बनेंगे राष्ट्रभक्ति के केंद्र: मंत्री संदीप सिंह
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। प्रदेश के विद्यालय इस अभियान के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े। विद्यालयों से निकलने वाला राष्ट्रगौरव का संदेश हर घर तक पहुंचे और स्वतंत्रता दिवस जनभागीदारी के साथ एक भव्य राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाया जाए।


