अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर उठाए सवाल, डिप्टी सीएम को घेरा

shikha verma
2 Min Read

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति गंभीर बनी हुई है और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या स्वास्थ्य मंत्री ने कभी अपने विभाग की मौजूदा चुनौतियों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान दिया है।

यह टिप्पणी उस बयान के जवाब में आई है जिसमें डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव से बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर सवाल पूछने की बात कही थी। ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया था कि सपा प्रमुख की टिप्पणियां उनकी वैचारिक सोच को दर्शाती हैं।

दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर सवाल उठाए थे। इस पर मंदिर ट्रस्ट ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से इनकार किया था। ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कई संतों ने भी अखिलेश यादव के आरोपों का विरोध किया था।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर जनहित और धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीति करने के आरोप लगा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment