नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया। पहली बार इस एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए एक विशेष उड़ान संचालित हुई, जिसमें कई प्रभावित किसान भी सवार हुए। लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचते ही किसानों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।
किसानों ने इस अवसर को अपने जीवन का ऐतिहासिक पल बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हवाई जहाज में सफर करने का उनका वर्षों पुराना सपना आज पूरा हुआ है।
किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि जिस जमीन पर कभी खेती होती थी, आज वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बन गया है, और यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया है।
महिला किसान पूनम ने बताया कि यह उनकी पहली हवाई यात्रा थी और यह अनुभव उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय रहा। वहीं हाजी जफर ने कहा कि सरकार ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को सम्मानजनक तरीके से पूरा किया और सभी किसानों को उचित मुआवजा दिया गया।
किसान इकबाल कल्लू ने इसे विकास यात्रा में किसानों की भागीदारी बताया, जबकि सुमन और मीनू ने पहली बार हवाई यात्रा और अपनी जमीन को आसमान से देखने के अनुभव को जीवन का अनोखा पल बताया।
बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने कई सरकारें देखी हैं, लेकिन किसानों को इस तरह सम्मान देने का अनुभव पहली बार मिला है। अन्य किसानों ने भी उम्मीद जताई कि इस एयरपोर्ट से आने वाली पीढ़ियों को नए रोजगार और अवसर मिलेंगे।
यह उड़ान किसानों के लिए केवल यात्रा नहीं बल्कि उनके जीवन की एक भावनात्मक उपलब्धि और विकास से जुड़ा अनुभव बन गई।


