पंजाब में AAP में हलचल तेज, भगवंत मान ने संगठन बचाने के लिए बुलाई बड़ी बैठक

shikha verma
2 Min Read

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हाल ही में पार्टी के सात सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद संगठन पर दबाव बढ़ गया है। इसी बीच पार्टी नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने और विधायकों को एकजुट बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है।

सूत्रों के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इस रणनीति के तहत 29 अप्रैल को जालंधर में एक बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 1000 ऑब्जर्वर और सभी विधायक शामिल होंगे। इस बैठक का उद्देश्य पार्टी के भीतर एकता बनाए रखना और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करना बताया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहेंगे। बैठक में सरकार की योजनाओं और कामकाज को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी चर्चा होगी।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद संगठन में जो असंतोष की स्थिति बनी है, उसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को सौंपी गई है। इसके अलावा, विधायकों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि किसी भी संदिग्ध संपर्क या दबाव की जानकारी तुरंत पार्टी नेतृत्व को दें।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में पार्टी हर स्तर पर डैमेज कंट्रोल की कोशिशों में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment