सीएम योगी से मिली दिव्यांग रागिनी, इलाज से पढ़ाई तक हर मदद का मिला भरोसा

shikha verma
2 Min Read

बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग बेटी रागिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। रागिनी के साथ उसके माता-पिता और बलिया की भाजपा विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने रागिनी से आत्मीयता से बातचीत कर उसके स्वास्थ्य, पढ़ाई और परिवार की जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर इलाज, ऑपरेशन, शिक्षा और परिवार को आवास उपलब्ध कराने में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

रागिनी बलिया के मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की रहने वाली है और प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। स्कूल आने-जाने में परेशानी को देखते हुए उसने ट्राइसिकल की मांग की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बलिया के जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराईं।

रागिनी की मां बबिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी के इलाज और ऑपरेशन का खर्च उठाने का भरोसा दिया है। परिवार ने ट्राइसिकल उपलब्ध कराने और गांव की खराब सड़क को ठीक कराने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।

विधायक केतकी सिंह ने बताया कि रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया था। उन्होंने कहा कि रागिनी की पढ़ाई जारी रखने और परिवार को आवास उपलब्ध कराने में भी सरकार मदद करेगी।

Share This Article
Leave a Comment