दिल्ली में राशन व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले राशन के लिए डिजिटल करेंसी (CBDC) के उपयोग को लागू करने का निर्णय लिया है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और कालाबाजारी व दुरुपयोग पर रोक लगाना है। इसके तहत भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) का इस्तेमाल किया जाएगा।
नई व्यवस्था में राशन कार्ड धारकों को उनकी पात्रता के अनुसार डिजिटल वॉलेट में राशन की राशि ट्रांसफर की जाएगी। लाभार्थी इस वॉलेट के जरिए अधिकृत राशन दुकानों से अपना निर्धारित राशन प्राप्त कर सकेंगे।
राशन लेते समय उपभोक्ता QR कोड स्कैन या OTP आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से लेन-देन कर सकेंगे। यह प्रणाली पूरी तरह डिजिटल होगी और इसे राशन खरीदने तक ही सीमित रखा जाएगा।
यह व्यवस्था पारंपरिक डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से अलग होगी, जिसमें राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है और उसका उपयोग किसी भी काम के लिए किया जा सकता है। जबकि CBDC आधारित सिस्टम केवल राशन वितरण के लिए ही मान्य होगा।
फिलहाल दिल्ली में लगभग 15.46 लाख राशन कार्ड धारक और करीब 64.93 लाख लाभार्थी हैं। शहर में 1,943 राशन दुकानें इस नई व्यवस्था के तहत डिजिटल भुगतान प्रणाली से जुड़ेंगी। शुरुआत में इस सिस्टम के जरिए गेहूं और चावल का वितरण किया जाएगा, जबकि आगे चलकर अन्य वस्तुएं भी इसमें शामिल की जा सकती हैं।


