बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपने पति और क्रिकेटर विराट कोहली को सपोर्ट करने के लिए स्टेडियम में नजर आईं। हाल ही में धर्मशाला में खेले गए आईपीएल क्वालिफायर-1 मैच में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस के मुकाबले के दौरान स्टैंड्स में बैठकर टीम को चीयर करती दिखीं।
मैच के दौरान अनुष्का काफी भावुक और प्रार्थना करती नजर आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में वह हाथ जोड़कर टीम की जीत के लिए प्रार्थना करती दिखीं। इस दौरान उनके हाथ में एक नाम जप काउंटर भी नजर आया, जिसे लेकर फैंस के बीच काफी चर्चा हो रही है।
अनुष्का को स्टैंड्स में लगातार टीम के लिए उत्साहित होते और मंत्र जप करते भी देखा गया। उनकी कई झलकियों में वह आरसीबी की हर अच्छी गेंद और विकेट पर प्रतिक्रिया देती दिखीं। मैच खत्म होने के बाद उनकी खुशी भी साफ झलक रही थी।
इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही टीम लगातार दूसरे सीजन आईपीएल फाइनल में पहुंच गई है।
मैच के बाद एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें विराट कोहली स्टैंड्स में जाकर अनुष्का शर्मा से मिलते हैं और उन्हें गले लगाते हैं। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत होती है, जिसके बाद विराट वापस टीम के साथ जुड़ जाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।


