दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक से हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मुलाकात की। उन्होंने वांगचुक का हालचाल जाना और लंबे समय से जारी अनशन के कारण बिगड़ रही सेहत पर चिंता जताई।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसी भी आंदोलन की सफलता के लिए नेतृत्व का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सोनम वांगचुक से अपील की कि वह अपना अनशन समाप्त करें और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनआंदोलन अपने उद्देश्य को जरूर हासिल करेगा, लेकिन सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उनसे आग्रह है कि वे अनशन विराम दें और जनसमर्थन के साथ इस संघर्ष को आगे बढ़ाएं।”
विपक्षी नेताओं का जंतर-मंतर पहुंचना जारी
सोनम वांगचुक के समर्थन में कई विपक्षी नेता लगातार जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
अरविंद केजरीवाल ने मुलाकात के दौरान शिक्षा व्यवस्था और सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए थे। वहीं, उन्होंने सोनम वांगचुक की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
डिंपल यादव और कांग्रेस ने भी जताया समर्थन
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भी सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी। उन्होंने युवाओं से प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की अपील की।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया और कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।


