हिमाचल प्रदेश: कसौली और शिमला में भड़की जंगल की आग, कई इलाकों में फैला धुआं

shikha verma
2 Min Read

हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को कसौली के पास जंगलों में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और एयरफोर्स स्टेशन कसौली के नजदीक तक पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, जंगेशू क्षेत्र में दोपहर के बाद चीड़ की सूखी पत्तियों में आग भड़क उठी। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती गई और बड़े वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सूखी चीड़ की पत्तियां आग फैलने में ईंधन का काम करती हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

आग पर काबू पाने के लिए सेना और प्रशासन ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। चंडीगढ़ की सुखना झील से पानी भरकर सेना के हेलीकॉप्टरों ने प्रभावित क्षेत्रों पर डंपिंग की, जबकि दमकल विभाग, एयरफोर्स स्टेशन की फायर यूनिट और स्थानीय टीमें भी लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया जा सका।

इसी दौरान शिमला के तारा देवी जंगलों में भी आग भड़कने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई। शहर के कई हिस्सों में धुएं का गुबार फैल गया, हालांकि जहां पहुंच संभव थी वहां आग पर काबू पा लिया गया। दुर्गम इलाकों में अभी भी निगरानी जारी है।

हिमाचल प्रदेश में हर साल जंगलों की आग गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिससे हजारों हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित होती है। इससे वन संपदा, वन्यजीव और दुर्लभ जड़ी-बूटियों को भारी नुकसान पहुंचता है, साथ ही करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान भी होता है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों के आसपास आग न जलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आग लगने की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Share This Article
Leave a Comment