हिमाचल पर्यटन उछाल पर, वीकेंड बुकिंग 80-90% तक पहुंची, जाम बना बड़ी समस्या

shikha verma
2 Min Read

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून से ठीक पहले पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वीकेंड पर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि सामान्य दिनों में यह 60 से 70 प्रतिशत के बीच बनी हुई है।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली और चैल जैसे लोकप्रिय स्थलों पर इस समय अच्छी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वहीं, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे दूरदराज और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।

फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस समय उत्तर भारत से सबसे ज्यादा पर्यटक आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुछ क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों और कारोबारियों का कहना है कि पीक सीजन में सड़कों पर दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है। कई जगहों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच हल्की नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

पर्यटन संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की जाए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

शिमला मॉल रोड के कुछ व्यापारियों का कहना है कि इस बार पर्यटकों की संख्या तो अच्छी है, लेकिन खर्च करने वाले पर्यटक अपेक्षाकृत कम आ रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment