हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, डीए और डीआर में 2% की बढ़ोतरी

shikha verma
2 Min Read

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई के बीच बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है।

इस बढ़ोतरी के बाद अब डीए और डीआर की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गई है। यह फैसला 1 जनवरी 2026 से लागू होगा और इसका लाभ सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन एवं पेंशन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा।

राज्य सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ दिया जाएगा। वहीं, जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक का बकाया जून 2026 में जारी किया जाएगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते के भुगतान में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।

यह आदेश वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता द्वारा जारी किया गया है। इस फैसले से राज्य के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।

बढ़ती महंगाई के बीच इसे कर्मचारियों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है, हालांकि इससे राज्य के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

Share This Article
Leave a Comment