ई-रिक्शा चार्जिंग चेक करने पहुंचे चालक की करंट लगने से मौत

Nikhil Malhotra
2 Min Read

लखनऊ। बीती रात ई-रिक्शा में करंट उतरने से चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के…

लखनऊ। बीती रात ई-रिक्शा में करंट उतरने से चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माल थाना क्षेत्र के ग्राम मुन्नू खेड़ा निवासी बबलू (32) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार रात वह घर के बाहर अपना इलेक्ट्रिक ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाकर खाना खाने के लिए अंदर चला गया। कुछ देर बाद वह ई-रिक्शा की चार्जिंग चेक करने के लिए बाहर आया।

बताया जा रहा है कि बबलू नंगे पैर ई-रिक्शा के पास पहुंचा था

इसी दौरान ई-रिक्शा में अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आकर बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ समय बाद उसकी पत्नी बिट्टो घर से बाहर निकली तो पति को जमीन पर पड़ा देखकर दंग रह गई। परिजन आनन-फानन उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत में सुधार न होने पर उसे दुबग्गा के पास स्थित देवम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, ई-रिक्शा के नीचे सीलन होने के कारण उसमें करंट उतरने की आशंका है।

हादसे की सूचना रविवार सुबह पुलिस को दी गई

माल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बबलू की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिवार में माता श्यामा, पत्नी बिट्टो, दो बेटे आशिक और विजय और एक बेटी नैना हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। माल इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि परिजनों के कहने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article