गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सरयू नदी में स्नान कर रहे एक युवक को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। यह घटना बुधवार (20 मई) दोपहर करीब 12 बजे सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास हुई।
मृतक की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है, जो अपनी सास उर्मिला देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव उमरी आया था। अंतिम संस्कार के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह सरयू नदी में स्नान कर रहा था, तभी अचानक पानी में मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने तुरंत शोर मचाते हुए दीपक को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 2.5 किलोमीटर दूर दीपक का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दीपक एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और शादीशुदा था। उसकी चार साल की एक बेटी भी है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरयू नदी के इस इलाके में पहले भी मगरमच्छों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।


