मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास (5 कालिदास मार्ग) से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली।
- अमर शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं को किया नमन
- भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान सर्वोपरि
- ‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र युवाओं के लिए प्रेरणा
- देश की हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है युवा शक्ति
- 25-30 हजार युवाओं ने लिया तिरंगा यात्रा में हिस्सा
- ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी की अपील
- तिरंगा यात्रा में दिखा राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संगम
तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम स्थल पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान भी हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि हर घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करें।
सीएम योगी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है।
अमर शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने भारत की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्र भारत की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को याद किया।
उन्होंने संविधान निर्माताओं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अनेक महापुरुषों को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान सर्वोपरि
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तिरंगा भारत की पहचान और गौरव का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत सहित देश के सभी राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति प्रत्येक नागरिक के मन में सम्मान की भावना होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत में रहकर देश के राष्ट्रीय प्रतीकों और महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को और मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र युवाओं के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही आज काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ भी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1925 में इसी दिन पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां सहित क्रांतिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर ब्रिटिश हुकूमत की नींव को चुनौती दी थी। तिरंगा यात्रा इन अमर क्रांतिकारियों और हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
देश की हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है युवा शक्ति
सीएम योगी ने कहा कि युवा प्रतिभा, ऊर्जा और सामर्थ्य का प्रतीक है। देश की हर चुनौती का सामना करने की क्षमता युवाओं में है। जरूरत इस बात की है कि युवा ऊर्जा को सही दिशा और उचित मंच मिले।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों से निपटने के लिए भी तैयार किया जाना जरूरी है। इसी उद्देश्य के साथ भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
25-30 हजार युवाओं ने लिया तिरंगा यात्रा में हिस्सा
लखनऊ में आयोजित तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि करीब 25 से 30 हजार युवा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ जैसे संकल्पों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की यह भागीदारी उन क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का गौरव और जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े नियमों में बदलाव के बाद अब प्रत्येक भारतीय अपने घर पर भी सम्मानपूर्वक तिरंगा फहरा सकता है। यह हर नागरिक को राष्ट्र के गौरव से जुड़ने का अवसर देता है।
तिरंगा यात्रा में दिखा राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संगम
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर मुख्यमंत्री के साथ आगे बढ़े।
देशभक्ति गीतों के बीच मुख्यमंत्री बच्चों, युवाओं और पार्टी संगठन एवं सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक पहुंचे। विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर और दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, ब्रजलाल और संजय सेठ, विधायक नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह और ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान और मुकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और प्रदेशवासी मौजूद रहे।


