पंचकूला में बड़ा बम टेस्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, इलाके में हाई अलर्ट

shikha verma
2 Min Read

हरियाणा के पंचकूला जिले के रामगढ़ इलाके में स्थित टीबीआरएल (Terminal Ballistics Research Laboratory) रेंज में 31 मई को एक हाई-कैलिबर बम का परीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा कारणों के चलते प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों को अलर्ट पर रखते हुए लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, यह परीक्षण सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच किया जाएगा और इसकी निगरानी भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाली टीबीआरएल द्वारा किए जाने वाले इस परीक्षण को लेकर स्थानीय प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय के दौरान घरों से बाहर न निकलें और खुले क्षेत्रों से दूर रहें, ताकि किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सके।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यह एक नियमित परीक्षण प्रक्रिया है, इसलिए किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

वैज्ञानिकों द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परीक्षण के दौरान होने वाला विस्फोट काफी शक्तिशाली हो सकता है, जिससे बम के टुकड़े लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक जा सकते हैं। इसी वजह से करीब दो किलोमीटर के दायरे को “स्प्लिंटर डेंजर जोन” घोषित किया गया है।

टीबीआरएल के टेक्नोलॉजी डायरेक्टर सी. सरकार ने पंचकूला प्रशासन को पत्र भेजकर भानू, बिल्ला, असरैवाली, नग्गल, मोगीनंद, किशनगढ़, टीएमवी कॉलोनी और रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और निर्धारित समय में घरों के भीतर रहने के निर्देश देने को कहा है।

Share This Article
Leave a Comment