नई दिल्ली: NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा के मद्देनज़र दिल्ली सरकार ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। सरकार ने कहा है कि 21 जून 2026 को परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और परिवहन विभाग (DoT) की बसों में पूरे दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
यह सुविधा परीक्षा केंद्र तक आने-जाने दोनों यात्राओं के लिए मान्य होगी। इसके लिए छात्रों को केवल अपना वैध NEET (UG) 2026 एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
यात्रा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी
दिल्ली परिवहन विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दिन समय पर और बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है।
सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत:
- सभी डिपो प्रबंधकों को ड्राइवरों और कंडक्टरों को पहले से सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं
- योग्य छात्रों को किसी भी स्थिति में यात्रा सुविधा से वंचित न किया जाए
- क्षेत्रीय प्रबंधकों को निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है
- चेकिंग स्टाफ और टर्मिनल पर्यवेक्षकों को भी निर्देशों की जानकारी दी जाएगी
- शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं
- पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा
छात्रों को मिलेगी राहत
इस फैसले से परीक्षा के दिन छात्रों को परिवहन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी और वे आसानी से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकेंगे।


