भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट आईपीएल में आने वाले समय में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, लीग को अब दो फेज में कराने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, जिससे मैचों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, इंडियन प्रीमियर लीग में मौजूदा 74 मैचों की संख्या को बढ़ाकर 94 करने की योजना पर चर्चा चल रही है। इतने ज्यादा मैचों को एक ही सीजन में कराना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, खासकर भारत की गर्मियों और खिलाड़ियों की फिटनेस को देखते हुए।
इसी वजह से आईपीएल को दो हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव सामने आया है। प्रस्तावित योजना के तहत पहला फेज फरवरी के अंत से अप्रैल तक और दूसरा फेज सितंबर से अक्टूबर के बीच आयोजित किया जा सकता है।
सितंबर-अक्टूबर का समय इसलिए भी उपयुक्त माना जा रहा है क्योंकि उस दौरान मौसम अपेक्षाकृत बेहतर होता है और त्योहारों का सीजन होने के कारण ब्रॉडकास्ट और विज्ञापन से जुड़ी संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं।
हालांकि, यह अभी शुरुआती स्तर पर विचार है और इसे लागू करने से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), ब्रॉडकास्टर्स और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा की जाएगी। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो यह बदलाव 2028 या 2029 के आईपीएल सीजन से देखने को मिल सकता है।


