सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) तेजी से चर्चा में है। एक अदालती टिप्पणी से प्रेरित होकर शुरू हुआ यह डिजिटल अभियान अब इंस्टाग्राम पर करोड़ों लोगों तक पहुंच चुका है और फॉलोअर्स के मामले में कई बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ चुका है।
कैसे शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आइडिया
इस अनोखी पहल की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी से हुई, जिसमें कुछ युवाओं को लेकर ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया गया था। इसी टिप्पणी को व्यंग्यात्मक अंदाज में लेते हुए अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक डिजिटल पेज शुरू किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
आज इस पेज ने इंस्टाग्राम पर 1.03 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं, जबकि इसके मुकाबले भारतीय जनता पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स इससे पीछे बताए जा रहे हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके की उम्र करीब 30 साल बताई जाती है। वे सोशल मीडिया और पॉलिटिकल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में काम करने वाले एक डिजिटल रणनीतिकार हैं।
एजुकेशन बैकग्राउंड
अभिजीत दीपके ने अपनी शुरुआती पढ़ाई महाराष्ट्र के पुणे से की है। उन्होंने यहां से जर्नलिज्म (पत्रकारिता) में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस (PR) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया।
प्रोफेशनल एक्सपर्टीज
अभिजीत पेशे से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट हैं। वे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर राजनीतिक नैरेटिव बनाने, कैंपेन डिजाइन करने और सोशल मीडिया स्ट्रैटजी तैयार करने में माहिर माने जाते हैं।
हालांकि सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बनाने के बावजूद, उन्होंने एक इंटरव्यू में यह भी स्वीकार किया है कि वे अभी भी नौकरी की तलाश में आवेदन कर रहे हैं।


