AAP को बड़ी बढ़त, पंजाब में 63 उम्मीदवार बिना मुकाबले जीते

shikha verma
2 Min Read

पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों की काउंटिंग शुरू होने से पहले ही 80 उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) सबसे आगे रही, जिसके 63 उम्मीदवार बिना मुकाबले के विजयी घोषित हुए। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल (SAD) के 9, निर्दलीय 7 और कांग्रेस का 1 उम्मीदवार भी बिना वोटिंग के जीत गया।

सबसे ज्यादा निर्विरोध जीत बठिंडा में दर्ज की गई, जहां 14 उम्मीदवार पहले ही विजयी हो गए। इसके बाद फिरोजपुर में 13, अमृतसर में 12, संगरूर और फरीदकोट में 8-8, गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना और SAS नगर में 4-4, रूपनगर में 3, बरनाला में 2, जबकि मोगा, फतेहगढ़ साहिब और तरनतारन में 1-1 उम्मीदवार निर्विरोध जीते।

राज्य में आज 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों के कुल 103 निकायों के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। इनमें मोहाली, बरनाला, कपूरथला, बठिंडा, अबोहर, बटाला, मोगा और पठानकोट जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।

इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक संकेत माना जा रहा है, क्योंकि इन्हें राजनीतिक रूप से “सेमीफाइनल” के तौर पर देखा जा रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच सभी मतगणना केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है और स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी सीसीटीवी से की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment