ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। रविवार को क्षेत्र की 50 से अधिक सोसाइटी के निवासियों ने बैठक कर लंबे समय से लंबित मेट्रो परियोजना को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को तेज किया जाएगा और 26 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में निवासियों ने भाग लिया और मेट्रो की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई। बैठक में तय हुआ कि अब इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा और सरकार तथा संबंधित प्राधिकरणों का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रदर्शन किया जाएगा।
नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पिछले लगभग 10 वर्षों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इसी के विरोध में 26 अप्रैल को जंतर-मंतर पर एक बड़े धरने का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
निवासियों का कहना है कि फ्लैट बेचते समय मेट्रो कनेक्टिविटी का वादा किया गया था, लेकिन अब उन्हें रोजाना ट्रैफिक जाम और लंबी यात्रा समय जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ भारी असुविधा भी हो रही है।
इससे पहले भी नेफोवा द्वारा मेट्रो पिलर के प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की जा चुकी है।

