उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महिला आरक्षण कानून को लेकर हजारों महिलाओं ने मशाल यात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली इस यात्रा में महिलाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की। मशालों के साथ निकली इस रैली में महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग की। पूरे शहर में इस दौरान भारी जनसमूह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जो दल परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करते हैं, उन्हें महिलाओं की वास्तविक भागीदारी से डर लगता है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा लंबे समय से लंबित रहा है, लेकिन अब सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।
महिलाओं की भूमिका को बताया अहम
सीएम धामी ने कहा कि आज की महिला केवल मतदान करने वाली नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है, तो समाज और देश दोनों प्रगति करते हैं।
बड़ा जनसैलाब उमड़ा
इस मशाल यात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने इस आंदोलन को एक मजबूत राजनीतिक संदेश में बदल दिया। गांधी पार्क से शुरू हुई यह मशाल यात्रा घंटाघर तक पहुंचते-पहुंचते एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुकी थी।

