‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर लगेगी रोक!

Bole India
2 Min Read

बरेली। 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का टीजर सामने आते ही जिले में विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के नाम और कुछ कथित दृश्यों को लेकर यादव समाज के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। समाज का कहना है कि फिल्म में ऐसे दृश्य और संवाद दिखाए जा सकते हैं, जो उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करते हैं।

इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि यदि फिल्म में आपत्तिजनक सामग्री पाई जाती है तो इससे समाज में वैमनस्य और अशांति फैल सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है।

प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी जाति या समुदाय की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि शिकायत के आधार पर संबंधित पक्षों से जानकारी ली जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

अब सबकी नजर फिल्म की रिलीज से पहले होने वाले प्रशासनिक फैसले पर टिकी है। देखना होगा कि विवाद का समाधान बातचीत से निकलता है या मामला आगे और तूल पकड़ता है।

Share This Article
Leave a Comment