फील्ड पर गुस्सा दिखाना पड़ा महंगा, हार्दिक पांड्या पर BCCI की कार्रवाई

shikha verma
2 Min Read

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच में गुस्सा जाहिर करना भारी पड़ गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन पर IPL आचार संहिता के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की है और उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।

BCCI के अनुसार, हार्दिक पांड्या ने लेवल-1 के तहत कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों या मैदान की संपत्ति के अनुचित उपयोग से संबंधित है। यह घटना कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के दौरान हुई, जब एक कैच छूटने और लगातार चौके लगने के बाद हार्दिक अपना आपा खो बैठे।

10वें ओवर में फील्डिंग के दौरान मुंबई इंडियंस से एक आसान कैच छूट गया, जिससे बल्लेबाज को जीवनदान मिला। इसके बाद अगली गेंदों पर लगातार चौके लगे, जिससे कप्तान हार्दिक पांड्या नाराज हो गए और गुस्से में उन्होंने विकेट की बेल्स को जोर से हिला दिया।

मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया। BCCI ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की पुष्टि की है।

मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत खराब रही, जहां टॉप ऑर्डर एक बार फिर असफल रहा। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 7 गेंद शेष रहते 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत में मनीष पांडे ने 45 रनों की अहम पारी खेली, जबकि रोवमैन पॉवेल ने 40 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया।

Share This Article
Leave a Comment