गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पैसिफिक मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मॉल के अंदर बने एक सिनेमा हॉल में अचानक आग लग गई। यह आग प्रोजेक्टर रूम से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे हॉल में धुआं फैल गया, जिससे मॉल में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर सिस्टम में लगी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और धुआं पूरे मॉल में भर गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही फायर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्पिरेटरी उपकरणों (BA सेट) का इस्तेमाल कर अंदर घुसकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। मॉल में मौजूद फायर सेफ्टी सिस्टम को भी सक्रिय किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर्स को भी मौके पर बुलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान फायर टीम ने आसपास के ऑडिटोरियम और दुकानों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है।
फिलहाल मॉल से धुएं को बाहर निकालने के लिए वेंटिलेशन सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है और स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


