छत्तीसगढ़ में सनसनी, नकाबपोश हमलावरों ने घर में घुसकर मारी गोलियां

shikha verma
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गुरुवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक स्थानीय कांग्रेस नेता के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में रात करीब 12:30 बजे हुई। तीन नकाबपोश हमलावर बाइक से पहुंचे और घर में घुसते ही गोलीबारी शुरू कर दी।

एक की मौके पर मौत, दूसरा घायल
हमले में कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष और व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के 19 वर्षीय बेटे आयुष कश्यप को सीने में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका छोटा बेटा आशुतोष कश्यप (16) घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हमले का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। आरोपियों की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास के जिलों को अलर्ट किया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फोरेंसिक और साइबर टीम भी जांच में जुटी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

घायल बेटे ने बताई घटना की पूरी कहानी
घायल आशुतोष ने बताया कि वह रात में सो रहा था, तभी घर में अचानक हलचल हुई। उसकी मां के फोन के बाद जब वह उठा तो उसने कमरे में तीन हथियारबंद लोगों को देखा। हमलावरों ने उस पर गोली चलाई, जिससे उसके हाथ में चोट लगी। इसके बाद उन्होंने उसके बड़े भाई को निशाना बनाया।

आशुतोष के अनुसार, हमलावरों ने परिवार से नकदी और मोबाइल फोन भी मांगे। घर में मौजूद थोड़ी-बहुत नकदी और फोन लेकर वे फरार हो गए।

भागते समय कमरे बाहर से बंद किए
बताया जा रहा है कि हमलावर जाते समय कमरों को बाहर से बंद कर गए थे। बाद में परिजनों की मदद से दरवाजे खोले गए। परिवार का कहना है कि यह घटना सिर्फ लूटपाट नहीं, बल्कि सुनियोजित हमला भी हो सकता है।

पुलिस जांच जारी
पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment