गोरखपुर में आकाशीय बिजली गिरने से हादसा, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

shikha verma
2 Min Read

गोरखपुर में राप्ती नदी के राजघाट पर आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। हादसे को दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु की स्थिति में नियमानुसार चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मृतकों के परिजनों को शीघ्र प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

राजघाट पर गिरी आकाशीय बिजली

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे राप्ती नदी के राजघाट पर बने गुम्बदनुमा छज्जे पर अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी और राजघाट पर दुकान चलाने वाली गुलजारी निषाद ने बताया कि अचानक तेज आवाज हुई और घाट पर बने गुम्बदों में से एक पर बिजली गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सीएम ने जताई संवेदना

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि शासन की ओर से अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने में किसी तरह की देरी न हो।

Share This Article
Leave a Comment