छत्तीसगढ़ बना निवेशकों की पसंद, सात कंपनियों ने दिए 9,580 करोड़ रुपये के प्रस्ताव

shikha verma
4 Min Read

छत्तीसगढ़ सरकार को हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम के दौरान 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों द्वारा दिए गए इन प्रस्तावों से राज्य में 7,800 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ निवेशकों के लिए देश के सबसे आकर्षक राज्यों में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक सम्मेलनों के माध्यम से राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने के लिए तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर बुनियादी ढांचा और उद्योग-अनुकूल नीतियां छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए एक मजबूत गंतव्य बना रही हैं।

लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब बनने की ओर छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मध्य भारत में स्थित छत्तीसगढ़ सात राज्यों से जुड़ा हुआ है और 60 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच प्रदान करता है। मजबूत रेलवे नेटवर्क, भारतमाला परियोजना, एयर कार्गो सुविधाएं और खनिज संसाधनों की उपलब्धता इसे उद्योगों के लिए बेहद अनुकूल बनाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य ग्रीन स्टील और ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा ऊर्जा क्षेत्र में 3.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

किन कंपनियों ने दिया निवेश प्रस्ताव?

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सात प्रमुख कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रण पत्र सौंपे। इनमें डेटा सेंटर, सीमेंट, सेमीकंडक्टर, सौर ऊर्जा, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल और डेयरी क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं।

सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया है। कंपनी ने 4,200 करोड़ रुपये के निवेश से राज्य में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से लगभग 250 रोजगार सृजित होंगे।

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे करीब 4,000 रोजगार मिलने की संभावना है।

निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से एआई, जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली से जुड़े प्रोजेक्ट विकसित करने की योजना प्रस्तुत की है। इससे लगभग 200 रोजगार सृजित होंगे।

इसके अलावा एसजी मार्ट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये, जबकि सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने टेक्सटाइल एवं परिधान निर्माण क्षेत्र में 528 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं से क्रमशः 450 और 2,500 रोजगार मिलने की संभावना है।

फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में काबरा ड्रग्स ने 200 करोड़ रुपये और डेयरी क्षेत्र में दिनशॉज डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं से करीब 400 अतिरिक्त रोजगार सृजित होंगे।

फार्मा और टेक्नोलॉजी सेक्टर पर विशेष फोकस

इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में आईटी, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, एयरोस्पेस, रक्षा और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। निवेशकों ने इन क्षेत्रों में विशेष रुचि दिखाई।

सरकार का मानना है कि इन निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

Share This Article
Leave a Comment