राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने लंबे समय से विवादों में घिरी उपनिरीक्षक (SI) पुलिस/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने का फैसला किया है। राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद यह निर्णय लिया गया है। अब इस परीक्षा को नए सिरे से दोबारा आयोजित किया जाएगा।
सिर्फ पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
आयोग के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू के अनुसार, दोबारा होने वाली परीक्षा में केवल वही 3,83,097 अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों पेपर दिए थे। नए उम्मीदवारों को इस भर्ती में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।
परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में होने की संभावना है।
आवेदन में सुधार की सुविधा
अभ्यर्थियों को अपने पहले से भरे गए आवेदन पत्रों में सुधार का मौका दिया जाएगा। यह प्रक्रिया 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार पता जैसी जानकारी अपडेट कर सकेंगे।
OTR KYC अनिवार्य
आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन करने से पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
यदि किसी अभ्यर्थी ने SSO ID बदल ली है, तो वह “फेच एप्लीकेशन फॉर्म” विकल्प का उपयोग कर पुराना डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकता है। लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान OTR से स्वतः जुड़ जाएंगे।
बिना बदलाव के भी देना होगा सहमति
यदि कोई अभ्यर्थी कोई बदलाव नहीं करता है, तब भी उसे फॉर्म को एडिट मोड में खोलकर यह घोषित करना होगा कि उसे संशोधन की आवश्यकता नहीं है। साथ ही बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग की सहमति देना भी अनिवार्य होगा।
पात्रता शर्तें नहीं बदलेंगी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता शर्तें 2021 के आवेदन के समय जैसी थीं, वही मान्य रहेंगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अधिक जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और भर्ती पोर्टल पर नजर बनाए रखें।


