श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी और गबन मामले की जांच को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मामले की गहन जांच के लिए जल्द ही नई विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, नई SIT के गठन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और इसके लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस की अध्यक्षता में नई SIT गठित की जा सकती है। वर्तमान में आईजी किरण एस लखनऊ मंडलायुक्त की अध्यक्षता वाली जांच टीम के सदस्य हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत नई SIT के गठन के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम अदालत के सामने पेश कर सकती है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 27 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे नई SIT बनाने के निर्देश
गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को नई विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने कहा था कि आपराधिक और चोरी जैसे मामलों की तकनीकी जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में जांच को अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने 13 जुलाई को मामले से जुड़ी याचिकाओं पर नोटिस जारी करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से जांच की स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने राज्य सरकार से पूछा था कि मामले की जांच कौन कर रहा है।
इस पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया था कि फिलहाल मामले की जांच पुलिस कर रही है। अब नई SIT के गठन के बाद मामले की जांच को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


