दरअसल, समसाबाद गांव निवासी राहुल यादव ने मंझनपुर थाने में तहरीर दी थी कि उसकी तीन भैंसों को करारी थाना क्षेत्र के रहने वाले फिरोज, गुड्डू और दिलशाद ने चोरी कर लिया है। शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पतौना पुल के पास से तीनों आरोपियों—फिरोज, गुड्डू और दिलशाद—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक अन्य साथी आर्यन राघवापुर गांव के पास मौजूद है।
जब पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, तो आर्यन ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आर्यन के पैर में गोली लग गई। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।



