उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने फोन पर हरीश रावत से बातचीत कर उनकी तबीयत का हाल जाना। राहुल गांधी ने उनसे जल्द स्वस्थ होकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कही। वहीं, हरीश रावत ने उत्तराखंड में कांग्रेस की एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
इससे पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि हरीश रावत संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं दिख रहे हैं और वह नाराज चल रहे हैं। हालांकि, पार्टी नेताओं ने इसे सामान्य स्थिति बताते हुए किसी भी तरह की नाराजगी से इनकार किया है।
राहुल गांधी ने दिवंगत नेता के परिवार से की मुलाकात
देहरादून पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। अमर मेहता की कार्यक्रम स्थल पर हुए हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम के समय में बदलाव किया गया।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम बन्नू कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। इसमें राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे और शिक्षा, परीक्षाओं तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
कांग्रेस संगठन का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। पार्टी के अनुसार, इस आयोजन के लिए लाखों छात्रों का पंजीकरण हुआ है।
बता दें कि राहुल गांधी इससे पहले छात्रों के मुद्दों को लेकर राजस्थान के कोटा में कार्यक्रम कर चुके हैं। उन्होंने परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे।


