उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में घाघरा नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नदी किनारे हाथ धोने गए 12 वर्षीय बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। काफी प्रयास के बाद भी बच्चे को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के मुताबिक, बौंडी थाना क्षेत्र के मरौना गांव निवासी 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म करने के बाद वह घाघरा नदी में हाथ धोने पहुंचा, तभी अचानक नदी से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ बच्चे को दबोचकर नदी के अंदर खींच ले गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने के लिए काफी कोशिश की और हांका भी लगाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
सुनील सिंह कक्षा 6 का छात्र था और वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने नदी क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है।


