हीट वेव का असर, दिल्ली में पहला हीट स्ट्रोक केस सामने आया

shikha verma
2 Min Read

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में हीट स्ट्रोक का पहला मामला सामने आया है। 24 वर्षीय एक छात्र गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा, जिसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। उसे फिलहाल अस्पताल की विशेष हीट स्ट्रोक यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल का रहने वाला यह युवक ट्रेन से दिल्ली आ रहा था। यात्रा के दौरान अचानक उसे तेज बुखार आने लगा, मानसिक स्थिति बिगड़ गई और वह बेहोशी की हालत में पहुंच गया। शुरुआती इलाज के लिए उसे एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए RML अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों को पहले स्ट्रोक या न्यूरोलॉजिकल समस्या का संदेह हुआ, लेकिन जांच रिपोर्ट सामान्य आने के बाद विशेषज्ञों ने इसे गंभीर हीट स्ट्रोक का मामला बताया। मरीज का शरीर का तापमान करीब 105 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंच गया था और उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक थी।

डॉक्टरों ने तुरंत उसे वेंटिलेटर पर रखा और शरीर को ठंडा करने के लिए कूलिंग थेरेपी शुरू की। इसमें मरीज को ठंडे पानी और सलाइन से उपचार दिया गया, साथ ही शरीर के विभिन्न हिस्सों में बर्फ की पट्टियां लगाई गईं ताकि तापमान तेजी से कम किया जा सके। लगातार इलाज के बाद मरीज के शरीर का तापमान घटकर लगभग 102 डिग्री तक आ गया है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ दिनों के लिए हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। फिलहाल मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

Share This Article
Leave a Comment