बारिश के जलभराव पर बोले धीरेन्द्र सिंह- गड्ढे नहीं, जेवर का विकास भी देखिए

shikha verma
2 Min Read

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करने और कमियों को दूर कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि जेवर में तेजी से हो रहे विकास के बीच बारिश के कारण सामने आई जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मौके की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक तकनीकी सुधार जल्द कराने को कहा।

धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जेवर में हो रहा अभूतपूर्व विकास दिखाई देने के बजाय कुछ लोग केवल गड्ढों और जलभराव को मुद्दा बना रहे हैं। उनके मुताबिक, आज जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र की पहचान तेजी से बदल रही है।

उन्होंने कहा कि पहले जेवर विकास की मुख्यधारा से काफी दूर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में शामिल हो रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से जेवर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

विधायक ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में एयरपोर्ट की योजना लंबे समय तक कागजों और घोषणाओं तक सीमित रही, वे आज बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से जुड़ी किसी भी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और जहां सुधार की जरूरत होगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव जैसी स्थानीय समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा, लेकिन इसे जेवर में हो रहे बड़े पैमाने के विकास को लेकर भ्रम पैदा करने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment