आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई उनके और उनके बेटे से जुड़े कई परिसरों पर की गई, जिनमें गुरुग्राम और पंजाब के 8 से 9 स्थान शामिल हैं।
अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के प्रमुख भी हैं। ईडी की टीम जालंधर स्थित विश्वविद्यालय परिसर, उनके घर और फार्महाउस तक पहुंची, जहां तलाशी अभियान जारी रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के संभावित उल्लंघनों से जुड़े मामले में की गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया गया था।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम राजनीतिक उद्देश्य से उठाया गया है और इसे आगामी चुनावों से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

