ड्यूटी के दौरान रील बनाने पर CM योगी सख्त, पुलिसकर्मियों को दी कड़ी हिदायत

shikha verma
2 Min Read

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के समय अनुशासन और गंभीरता सबसे जरूरी है और ऐसे किसी भी व्यवहार से बचना चाहिए, जिससे पुलिस व्यवस्था की छवि पर सवाल उठे।

“अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र न बनें”

लखनऊ के लोक भवन में यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ड्यूटी के समय रील बनाना अनुशासनहीनता का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे हम अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बनें। हमें अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता और सजगता से निभाना होगा।”

“ड्यूटी के प्रति रहना होगा सजग”

सीएम योगी ने आगे कहा कि जिस भी अधिकारी या कर्मचारी की जहां ड्यूटी है, उसे वहां पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति गंभीरता से ही बेहतर परिणाम मिल सकते हैं और टीमवर्क के जरिए ही व्यवस्था मजबूत होती है।

सिस्टम की छवि पर जोर

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अक्सर लोग सिस्टम पर अनावश्यक सवाल उठाते हैं, इसलिए जरूरी है कि हर कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे ताकि किसी तरह की आलोचना की गुंजाइश न रहे।

उन्होंने पुलिस बल को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

पहले भी उठते रहे हैं सवाल

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कई बार ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के रील बनाने के वीडियो सामने आते रहे हैं, जिसके चलते पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल भी उठते रहे हैं। इसी को देखते हुए सीएम योगी ने यह सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Share This Article
Leave a Comment