“यूपी में बाबा, बंगाल में दादा, बिहार में सम्राट”: CM का सख्त संदेश

shikha verma
2 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि अपराध करने वालों को या तो बिहार छोड़ना होगा या नेपाल भागना पड़ेगा।

फुलवारीशरीफ में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपराध और अराजकता के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

“बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं”

मुख्यमंत्री ने कहा, “यूपी में बाबा (योगी आदित्यनाथ), बंगाल में दादा और बिहार में सम्राट बैठा है। कोई माई का लाल कानून के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता।” उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस कार्रवाई और सख्ती पर जोर

सीएम ने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें एक अपराधी पुलिस को हथियार दिखा रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और स्पीडी ट्रायल के जरिए मामलों का तेजी से निपटारा किया जाएगा।

“सुरक्षा के लिए हर सीमा तक जाऊंगा”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा, “मैं आपकी सुरक्षा के लिए हर सीमा पार करने को तैयार हूं।”

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और राज्य में कानून का राज स्थापित करना प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment