सदर बाजार ज्वेलरी शोरूम से 2 करोड़ की चोरी, पुराना कर्मचारी फरार

shikha verma
2 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का सोना चोरी हो गया। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी का आरोप उसी कर्मचारी पर लगा है जो पिछले 16 सालों से दुकान में काम कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी सूरज साहू को रोजाना दुकान बंद होने के बाद डिस्प्ले में रखे जेवरात को लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन 9 अप्रैल 2026 की रात उसने कथित तौर पर सोने के आभूषण लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिए।

मामले का खुलासा 13 अप्रैल को स्टॉक वेरिफिकेशन के दौरान हुआ, जब लगभग 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब पाया गया। गायब हुए गहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने जब CCTV फुटेज की जांच की, तो उसमें आरोपी कर्मचारी को संदिग्ध रूप से सोने के जेवर ले जाते हुए देखा गया।

घटना की शिकायत के बाद कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और गबन का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment