शिखा वर्मा
लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी जमीनी रणनीति पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 15 हजार बूथ कमेटियों के गठन की तैयारी कर रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती तक बूथ कमेटियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके जरिए बसपा अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ नए वर्गों तक भी पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
बताया जा रहा है कि अप्रैल माह से आकाश आनंद प्रदेशभर में रोड शो और जनसभाओं की शुरुआत कर सकते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की योजना है।
वहीं, बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर पार्टी बड़े आयोजन की तैयारी में है। इस आयोजन के जरिए संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का संदेश देने की कोशिश की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा प्रबुद्ध समाज को जोड़ने की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वे विभिन्न जिलों में कार्यक्रम कर समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद स्थापित कर सकते हैं।
बसपा की यह सक्रियता संकेत दे रही है कि पार्टी आगामी चुनावों को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। अब देखना होगा कि बूथ स्तर पर की जा रही यह तैयारी चुनावी मैदान में कितना असर दिखाती है।


