NEET के बाद अब CUET-UG परीक्षा को लेकर भी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) सवालों के घेरे में आ गई है। शनिवार को नोएडा समेत कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा प्रक्रिया बाधित हुई, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नोएडा सेक्टर-64 स्थित एक परीक्षा केंद्र पर पहली शिफ्ट की परीक्षा तकनीकी दिक्कतों के चलते स्थगित करनी पड़ी, जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा भी लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुई। यह परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी, लेकिन अब इसे 4 बजे शुरू किया गया। इस दौरान केंद्र के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और “NTA मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी गई, जिससे उनकी तैयारी और परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। कई अभिभावकों ने भी परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
वहीं NTA ने बयान जारी कर कहा है कि तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, परीक्षा अब अतिरिक्त समय देकर कराई जा रही है ताकि किसी भी उम्मीदवार को नुकसान न हो। NTA ने यह भी स्पष्ट किया कि सुबह की शिफ्ट के छात्रों को पूरा समय दिया गया है और परीक्षा समाप्त होने के बाद ही उन्हें केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई।
एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि तकनीकी समस्या TCS की ओर से आई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। साथ ही दूसरी शिफ्ट के लिए रिपोर्टिंग समय 2:30 बजे और परीक्षा शुरू होने का समय 4 बजे निर्धारित किया गया है।
NTA ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। कि CUET-UG परीक्षा की शुरुआत 2022 में हुई थी और यह देशभर के केंद्रीय, राज्य और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। शुरुआत से ही यह परीक्षा कई बार तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर विवादों में रही है।


