उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। प्रदेश में विकास कार्यों को नए सिरे से आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। जनपद बलरामपुर विकास के नित नये आयाम प्राप्त कर रहा है। बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव, गरीब, किसान, श्रमिक, महिला तथा समाज के प्रत्येक तबके को उपलब्ध करवाया जा रहा है। जरूरतमंदों को आवास, शुद्ध पेयजल, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड आदि सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद बलरामपुर में 825 करोड़ रुपये लागत की 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक तथा प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने प्रदर्शनी का अवलोकन, बच्चों का अन्नप्राशन तथा पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी के पूर्व जनपद बलरामपुरवासियों को 825 करोड़ रुपये लागत की 124 विकास परियोजनाओं का उपहार डबल इंजन सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है। बलरामपुर भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है। यह माँ पाटेश्वरी का पावन धाम है। यह जनपद भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी तथा नानाजी देशमुख की कर्मभूमि के रूप में जाना जाता है। यह जनपद वर्ष 1997 से वर्ष 2017 तक उपेक्षा का दंश झेल रहा था। जब प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ देना प्रारम्भ किया गया, तो जनपद बलरामपुर भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बलरामपुर में माँ पाटेश्वरी के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय में सत्र प्रारम्भ हो चुका है। इस विश्वविद्यालय से बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच तथा गोंडा आदि जनपदों के युवाओं को लाभ होगा। यहां श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज के निर्माण हेतु प्रदेश सरकार प्रयासरत है। बहुत शीघ्र बलरामपुर में भी एक मेडिकल कॉलेज संचालित होगा। इमलिया कोडर में थारू बंधुओं की परम्परा और संस्कृति के संरक्षण के लिए थारू म्यूजियम का निर्माण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बलरामपुर को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। आकांक्षात्मक जनपद होने के नाते आपके जनपद में विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है। सहारनपुर में माँ शाकुम्भरी, मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह, मीरजापुर में माँ विन्ध्यवासिनी तथा आजमगढ़ महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले बलरामपुर से लखनऊ तथा अयोध्या जाने में घण्टों का समय लगता था। प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई बेहतरीन सड़क कनेक्टिविटी के माध्यम से अब बलरामपुर से मात्र तीन घण्टे में लखनऊ तथा मात्र दो घण्टे में अयोध्या जा सकते हैं। यहां रेलवे लाइन में निरन्तर सुधार किया जा रहा है। नई-नई ट्रेनें चल रही हैं। गोंडा, बहराइच तथा बलरामपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा चुका है। आने वाले समय में इस कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में श्रद्धेय अटल जी के नाम पर अटल आवासीय विद्यालय तथा अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी का निर्माण किया गया है। कुशीनगर में महात्मा बुद्ध के नाम पर कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना हो रही है। प्रदेश सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की अवधारणा पर कार्य कर रही है। बाबा गोरखनाथ के नाम पर गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है। श्रावस्ती में महात्मा बुद्ध के नाम पर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं की शिक्षा के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर से युक्त पी0एम0 श्री कम्पोजिट तथा अटल आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था की गई है। इन्टर कॉलेजेज को प्रोजेक्ट अलंकार के अन्तर्गत सुन्दरीकरण तथा नवनिर्माण की कार्यवाही से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में विश्वविद्यालय, डिग्री कॉलेजेज तथा पॉलीटेक्निक का निर्माण हो रहा है। आई0टी0आई0 स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में स्थापित किए जा रहे हैं। नगर निकायों का उन्नयन हो रहा है।
गरीब, युवा, बेटी तथा अन्नदाता किसानों के हितों के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह समर्पित है। हमारी संवेदना उन व्यापारियों और उद्यमियों के लिए है, जो देश के विकास का खाका तैयार करते हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार व नौकरी की व्यवस्था करते हैं। हमारी संवेदना उस प्रत्येक नागरिक के साथ है, जो भारत को भारत माता के रूप में सम्मान देता है। भारत के महापुरुषों का सम्मान करता है। भारत की परम्परा और भारतीय संस्कृति के प्रति आदर का भाव रखता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों के सामने शताब्दी संकल्प का विराट लक्ष्य रखा है। वर्ष 2022 में इस देश ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूर्ण किए थे। इस उपलक्ष्य में पूरे देश में अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया था। हर घर पर तिरंगा फहराया गया था। वर्ष 2047 में जब यह देश अपनी आजादी का शताब्दी महोत्सव महोत्सव मना रहा होगा, उस समय हमें कैसा भारत चाहिए, इस पर सभी को विचार करना होगा। हम सभी को विकसित व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु शताब्दी संकल्प के इस अभियान के साथ जुड़ना होगा। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना होगा। आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के लिए हमें बलरामपुर को भी आत्मनिर्भर और विकसित बनाना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आप सभी उत्तर प्रदेश विजन-2047 तथा शताब्दी संकल्प 2047 के सम्बन्ध में अपने सुझाव प्रस्तुत करें। इसके लिए क्यू0आर0 कोड की व्यवस्था की गई है। इस क्यू0आर0 कोड का स्कैन कर आप अपने सुझाव अंकित कर सकते हैं। यह सुझाव आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। सरकार किसी भी प्रकार की अराजकता को कतई स्वीकार नहीं करेगी। विगत कुछ दिनां से ड्रोन द्वारा चोरी के नाम पर भय और दहशत का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है। जो भी व्यक्ति ड्रोन के नाम पर भय और दहशत का माहौल उत्पन्न करेगा उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्यवाही करने तथा उसकी सम्पत्ति जब्त करने के आदेश दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी कहा कि जिला प्रशासन ने प्रत्येक जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक पुख्ता की है। पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। आप लोग भी अपने स्तर पर प्रयास करिए। व्यापक जन जागरूकता में आपकी सहभागिता होनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति आपके गांव, कस्बे, मोहल्ले आदि में भय और दहशत का माहौल उत्पन्न कर रहा है। पहले उसे ऐसा करने से रोकें व समझाएं। इसके बाद भी यदि वह नहीं मानता है, तो प्रशासन को सूचित करें। हमें लव जिहाद, धर्मांतरण, गौ-तस्करी जैसी असामाजिक गतिविधियों के प्रति सतर्क रहना होगा। यदि कोई व्यक्ति ऐसी गतिविधियों में लिप्त है, तो उसकी सूचना ससमय पुलिस और प्रशासन को उपलब्ध कराएं। प्रशासन ऐसे तत्वों का उपचार स्वयं करेगा।
कार्यक्रम में जनपद बलरामपुर में हो रहे विकास कार्यों से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बलरामपुर विकास के नित नये आयाम प्राप्त कर रहा : मुख्यमंत्री
CM yogi adiyanath

Leave a Comment
Leave a Comment